परीक्षा और परेशानी

परीक्षा का समय आ चुका है. विद्यार्थी अपने अपने जुगाड़ और ट्रिक्स के प्रयोग में जुट चुके हैं. साल भर की मौज मस्ती पर फ़िलहाल कुछ दिनों का विराम और चंचल मन पर लगाम स्वाभाविक है. 

अगर आप एक विद्यार्थी हैं, तो हो सकता है कि यह आप ही के बारे में हो. अभी अभी वैलेंटाइन दिवस का समारोह समाप्त हुआ है. यह समझा जा सकता है कि आपका  मन अब वो चिड़िया बन चुका है जो एक डाली पर टिक कर बैठ नहीं सकता पर उस चिड़िया को  बांधकर एक जगह रखना पड़ेगा यदि आपको परीक्षा  में उत्तीर्ण होकर कॉलेज में उड़ना है तो.

पुलवामा कांड के बाद, आपके द्वारा टिकटोक वीडियो के जरिये पाकिस्तान को दिया गया मुहतोड़ जवाब सराहनीय है. आशा है कि इसी साहस का प्रदर्शन आप अपने परीक्षा केंद्र में भी करेंगे. आशा यह भी है कि अभी तक आप ने अपने माता पिता से व्हाट्सप्प में स्टडी ग्रूप बनाने की अनुमति ले ली होगी. माता पिता नहीं जानते की दुनिया  बहुत आगे बढ़ चुकी है; पढाई अब  इंटरनेट के बिना हो ही नहीं सकती.

कुछ ही दिन पहले की बात है. कक्षा ९ के एक छात्र द्वारा बनाया गया एक वीडियो यूट्यूब के सजेस्टेड वीडियोस में मुझे मिला. कुछ देर उसके  चैनल का अध्ययन करने के बाद यह पता चला कि बालक पर कैर्री मिनाटी नामक भूत सवार है.  व्यक्तिगत तौर पर पूछने पर पता चला कि बालक को यूट्यूब में रोस्टिंग वीडियो बनाने वाला एक सेलिब्रिटी बनना है. काफी समझाने के बाद मुझे लगता है कि अब उसका ध्यान फेसबुक से हट कर टेक्स्ट बुक पर आएगा और वो नोटबुक पर कमेंट करेगा और नोटबुक को शेयर करेगा. यह कहानी सिर्फ उसी छात्र तक सीमित नहीं है. आज ज्यादातर छात्र अपना अस्तित्व सेल्फी में और दूसरों द्वारा उसकी लाइक में ढूंढते हैं. तुरंत संतुष्टि की यह आदत आप के ध्यान अवधि को  काफी कम कर चुका है, जिसका खामियाजा शायद परीक्षा में चुकानी पड़ जाए.

खैर, आप नए ज़माने के नौजवान हैं. आपको सब पहले से आता है. फिर भी एक शिक्षक के नाते कुछ सुझाव देना चाहता हूँ. हो सके तो रातों को जगे तो सिर्फ पढाई के लिए; किसी को याद करें तो केवल नोट्स में लिखे गए जवाब को.  अगर आप अभी बीमार पड़ गए तो सारे किये कराए पर पानी फिर जायेगा. इसलिए कृपया अपने सेहत का ध्यान रखें ताकि अध्ययन और परीक्षा के दौरान आप का ध्यान सही तरीके से केंद्रित हो सके. वैलेंटाइन दिवस के अवसर पर पत्र लेखन तो किया ही होगा, अब कुछ उत्तर लेखन का अभ्यास भी हो सके तो बेहतर.

आपके लुक्स की काफी चर्चे हैं. ऐसा सुनने में आया है कि आप किसी मेगा-मॉडल से कम नहीं लगते. मुझे विश्वास है कि इसी गुण का प्रदर्शन आप अपने उत्तर-पत्र में भी करेंगे, और सुन्दर अक्षरों के साथ उत्तर लिखेंगे. सिर्फ लुक्स ही नहीं, आपके रफ़्तार के भी काफी प्रशंसक हैं. कुछ लोग कहते हैं कि आपकी अभी उम्र नहीं है गाड़ी चलाने की, पर फिर भी आपके माता पिता ने कुछ न कुछ सोच के ही आपको गाड़ी की चाभी दी होगी. आप  जिस रफ़्तार से गाड़ी चलाते हैं, उसी रफ़्तार के साथ परीक्षा में लिख सकें तो अच्छा फल  मिल सकता है.

आपको यह एक महीना पूरे साल भर जैसा प्रतीत हो सकता है. हो सकता है कि आपको अपना फोटो एडिट करने का समय न मिले. यह भी स्वाभाविक है कि आपको १५ मिनट फ़ोन से दूर रहकर अकेलापन महसूस हो. फिर भी यूट्यूब वीडियोस को छोड़ना होगा. किताब निकालकर पढ़ना होगा. याद रखें कि पढ़ाई कुछ साल की है, शेष सब कुछ जीवन भर रहेगा.

शुभकामनाएं