कांग्रेस का झूठ एक बार फिर सामने आ गया है. दरअसल कांग्रेस द्वारा यह दावा किया जा रहा था कि हरियाणा की लोकप्रिय डांसर व बिग बॉस की प्रतिभागी सपना चौधरी कांग्रेस में शामिल हो गईं हैं.
साथ ही यह भी कहा गया था कि दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर के घर पर सपना चौधरी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है.
लेकिन अब सपना चौधरी ने कांग्रेस के इस दावे को नकार दिया है. सपना ने कहा है कि प्रियंका के साथ मेरी जो तस्वीरें सामने आई हैं वो पुरानी हैं, मैंने कोई भी पार्टी ज्वाइन नहीं की है. साथ ही सपना ने यह भी कहा कि वह भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के संपर्क में हैं.
सपना के इस बयान के बात कांग्रेस का वास्तविक चेहरा एक बार फिर जनता के सामने उजागर हो गया है. साथ ही सोशल मीडिया सहित मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस की फजीहत होनी शुरू हो गई है. बीते कई महीनों से कांग्रेस बार-बार हर मुद्दे पर झूठ बोल रही है. इस झूठ का सिर्फ एक ही कारण है, पिछले लोकसभा चुनाव में हुई करारी हार व उसके बाद अधिकांश विधानसभा चुनावों में हुई बुरी हार जिससे कांग्रेस हताश हो चुकी है.
कांग्रेस के अधिकांश नेता बौखलाहट से भर चुके हैं, तभी ये लोग सेना के शौर्य पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं. लेकिन सबूत मांगने के बाद जब जनता द्वारा ट्रॉल किया जाता है तब इनके पास जनता के सामने रखने के लिए कोई भी मुद्दा नहीं बचता है. इसीलिए बिन मुद्दों की कांग्रेस झूठ को मुद्दा बनाकर जनता के सामने परोसने का ‘महान कार्य’ करती है.
यही कार्य कांग्रेस ने सपना चौधरी के मुद्दे पर भी किया. कांग्रेस को पता है कि सपना चौधरी देशभर में काफी लोकप्रिय हैं. सपना की लोकप्रियता का फायदा आगामी लोकसभा चुनाव में प्राप्त किया जा सकता है, बस फिर क्या था कांग्रेस ने ‘परंपरा’ का निर्वहन करते हुए एक और झूठ देश की जनता के सामने रख दिया.
कांग्रेस द्वारा फैलाए गए झूठ की एक लंबी फेहरिस्त है. झूठ की शुरुआत हुई थी लोकसभा चुनाव में हार के बाद ईवीएम को ज़िम्मेदार ठहराने से. ईवीएम के बाद नोटबन्दी से लेकर राफ़ेल तक कांग्रेस द्वारा सिर्फ़ और सिर्फ झूठ ही फैलाया जा रहा है. हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला द्वारा एक डायरी के कुछ पन्नों को लेकर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदुरप्पा सहित केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसे उसी दिन शाम को सीबीडीटी द्वारा ख़ारिज कर दिया गया था.
मतलब साफ है कि यदि कांग्रेस द्वारा फैलाए गए झूठो की गिनती की जाए तो पहाड़ तैयार किया जा सकता है. कांग्रेस द्वारा हर रोज़ कोई न कोई मुद्दा तैयार किया जाता है जिससे जनता को भृमित किया जा सके. लेकिन इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के सहयोग से कांग्रेस के प्रत्येक झूठ का पर्दाफाश जनता तक पहुंच ही जाता है.
वैसे भी अब जनता समझदार हो चुकी है, उसे पता है सच क्या और झूठ क्या.
दावा त्याग – लेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी विचार हैं. आप उनको फेसबुक अथवा ट्विटर पर सम्पर्क कर सकते हैं.
