सिद्धारमैया के तिलक वाले बयान से सोशल मीडिया पर बवाल

लोकसभा चुनाव सर पर हैं. सभी पार्टियां साम-दाम-दंड-भेद द्वारा चुनाव जीतने के लिए जोर लगा रही हैं. चुनावी माहौल में पार्टी हाईकमान द्वारा यह निर्देश दिए जाते हैं कि कोई भी ऐसा कार्य नहीं करना है जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो, विवादित बयान से भी बचने की हिदायत दी जाती है. लेकिन जब पार्टी के बड़े नेता ही विवादित काम करने लग जाएं तो फिर राम ही मालिक हैं.

इस बार विवादों के घेरे में फंसे हैं कर्णाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया जिन्होंने कल एक विवादित बयान दिया. इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रॉल किया जा रहा है. दरअसल कर्नाटक के बादामी में एक कार्यक्रम में सिद्धरमैया ने कहा कि मैं उन लोगों से बहुत डरता हूं जो कुमकुम या भस्म का लंबा टीका लगाते हैं.

उनके इस बयान के बाद सोशल साइट्स पर #SelfieWithTilak टॉप ट्रेंड  में शामिल हो गया. लोगों ने ट्विटर पर सिद्धारमैया को टैग करते हुए तिलक वाली सेल्फी भी ट्विट की. कुछ लोगों ने तो राहुल, प्रियंका व सोनिया गांधी की भी फ़ोटो ट्वीट कर लिखा सिद्धारमैया को डर लगता है. एक व्यक्ति ने कई कदम आगे बढ़ते हुए सिद्धारमैया की ही तिलक वाली फ़ोटो ट्वीट कर लिख दिया कि सिद्धारमैया को डर लगता है.

बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी सिद्धारमैया को घेरते हुए ट्विटर पर लिखा कि कंस मामा को तिलक से डर लगता है तो आओ आज रंग दें ट्विटर को तिलक की तस्वीरों से, डालो अपनी तिलक वाली तस्वीर. सिद्धारमैया पहले भी विवादों में रहे हैं. पिछले महीने ही सिद्धारमैया द्वारा एक महिला के साथ अभद्रता करने और उसे सरेआम धमकाने का मामला सामने आया था. इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी.

सिद्धारमैया का यह बयान तब आया है जब कांग्रेस के नेताओं की सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयानों को लेकर पहले से ही बवाल मचा हुआ है. ऐसे में कहा जा सकता है एक तो करेला ऊपर से नीम चढ़ा. राजनीतिक विश्लेषक सिद्धारमैया के इस बयान को आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए घातक बता रहे हैं. तिलक लगाने वाला वर्ग बहुसंख्यक अर्थात् हिन्दू है, सिद्धारमैया के इस बयान का सीधा असर उन पर पड़ सकता है.

कांग्रेस की हिन्दू विरोधी मानसिकता पहले भी खुल कर सामने आ चुकी है. चाहे वह राम सेतु मुद्दा हो या रामलला मंदिर विवाद या फिर राहुल गांधी का वह बयान जिसमें उन्होंने कहा था जो लोग मंदिर जाते हैं वो लड़की छेड़ने जाते हैं. अब देखना यह है कि सिद्धारमैया इस बयान पर सफाई देते हैं या नहीं, माफी मांगते हैं या नहीं.




फोटो क्रेडिट