लोपक का पिछले दो माह का सफर उत्साह बढ़ाने वाला रहा है. यह आप सबके प्यार और समर्थन के बिना सम्भव नही हो पाता. तो आइए, इस रिश्ते को आगे बढ़ाते हैं। मिलते हैं और बात करते हैं.
इनक्रेडिबल भारत फाउंडेशन (IBF) 9 फरवरी 2019 को ‘सोशल मीडिया एंड युथ कॉन्क्लेव’ का आयोजन NDMC कन्वेंशन सेंटर, संसद मार्ग, नई दिल्ली में कर रहा है. इस आयोजन को ‘हैशटैग – द सोशल मीडिया समिट’ का नाम दिया गया है. हिंदी भाषा में इस इवेंट का डिजिटल मीडिया पार्टनर आपका अपना लोपक हैं. लोपक संचार क्रांति के युग में देश की आवाज़ देसी अंदाज़ में जनता के बीच पहुंचाने का एक ईमानदार प्रयास है. हिंदी जगत में आज के युग में विभिन्न प्रकार के पोर्टल्स के बीच भाषा की मर्यादा और स्पष्ट शब्दों में बात रखने का कार्य लोपक द्वारा किया जा रहा है. लोपक की टीम इस आयोजन में मौजूद रहेगी. यहाँ आप हमसे मिल सकते हैं और हमारा उत्साहवर्धन कर सकते हैं. आपके सुझावों और शिकायतों का भी स्वागत रहेगा.
इनक्रेडिबल भारत फाउंडेशन (IBF) भारतीय संस्कृति के प्रचार के लिए एक प्रतिबद्ध संगठन है. यह लगातार प्रदर्शनियों, सम्मेलनों और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, साहित्य और कला का प्रचार करता रहता है. IBF भारत के उस सांस्कृतिक लोकाचार को मजबूत करने के लिए कुछ नैतिक रूप से संचालित व्यक्तियों की वो विनम्र पहल है जिससे सदियों से हमारे देश में निहित सांस्कृतिक मूल्यों का पोषण हुआ है.
दिनभर चलने वाले इस इवेंट में ‘शिव ट्राइलॉजी’ के प्रसिद्ध लेखक और स्तंभकार श्री अमिश त्रिपाठी जी भी अपने विचार युवाओं के बीच रखेंगे. इसके साथ ही भारत सरकार में माननीय कपड़ा मंत्री श्री स्मृति ईरानी जी भी इस इवेंट में सोशल मीडिया के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगी. युवा, राजनीति, राष्ट्र और समाज पर इसके प्रभाव पर भी चर्चा होगी. इस इवेंट में राजनीति विज्ञान, पत्रकारिता और कानून क्षेत्र से जुड़े करीब 350 ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट छात्र भाग लेंगे. इस कार्यक्रम के लिये रजिस्ट्रेशन कराने हेतु आप फाउंडेशन की वेबसाइट पर जा सकते हैं जहां कार्यक्रम के लिए उत्साहित लोगों का सीधा रजिस्ट्रेशन हो जाएगा.
इस आयोजन की सोशल मीडिया में काफी चर्चा है क्योंकि इसे सोशल मीडिया के बड़े दिग्गजों द्वारा संचालित किया जा रहा है. इस पूरे इवेंट का सीधा प्रसारण IBF के आधिकारिक एकाउंट्स द्वारा फेसबुक और यूट्यूब पर किया जाएगा. इसके साथ ही इसको और भी सहायक पेजों का साथ मिलेगा जो सोशल मीडिया का ‘सच्चे अर्थों’ में प्रयोग करना जानते हैं.
इस कार्यक्रम में “सोशल मीडिया फॉर सोशल गुड” अवार्ड्स भी पहली बार दिए जाएंगे. इसके अंतर्गत सोशल मीडिया द्वारा सेवा, भारतीय संस्कृति के संवर्धन और उभरते हुए सोशल मीडिया आइकॉन की तीन श्रेणियों में यह पुरस्कार दिए जाएंगे. यह वास्तव में सोशल मीडिया के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घटना है.
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के गीत के साथ होगा. इसके बाद श्री अमिश त्रिपाठी का उद्बोधन होगा. जिसके बाद अलग-अलग सत्रों में विभिन्न विषयों पर पैनल डिस्कशन रहेंगे. इन पैनल में देश के जाने-मने उद्यमी, सरकारी अफसर और पत्रकारों के साथ-साथ सोशल मीडिया जगत की जानी-मानी हस्तियाँ अपने विचार व्यक्त करेंगी.
इन पैनल चर्चा के बाद अंतिम सत्र में केंद्रीय मंत्री श्री स्मृति ईरानी लोपक के सम्पादक मानवेन्द्र सिंह और ऑप इंडिया की उपसम्पादक निरवा मेहता के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगी. श्रीमती ईरानी विभिन्न श्रेणियों में Social Media for Social Good पुरस्कार भी प्रदान करेंगी. इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण भाग होगा एक नये न्यूज़ एग्रीगेटर ऐप ‘ऋतं’ का लांच जो प्रख्यात चिंतक श्री रतन शारदा और श्रीमति ईरानी द्वारा किया जाएगा.
कुल मिलाकर यह कार्यक्रम सोशल मीडिया पर मचाये जा रहे शोर के बीच एक बहुआयामी विचार है जो सोशल मीडिया पर विभिन्न बुद्धिजीवियों और सोशल मीडिया आइकॉन के विचारों को एक मंच पर लाता है. यह अपने आप में एक बहुप्रतीक्षित घटना होगी.
